बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी का निधन

नई दिल्ली। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशिल कुमार मोदी का निधन हो गया है। मोदी कैंसर से पीड़ित थे और उनका दिल्ली के एम्स में इलाज चल रहा था। 72 वर्षीय सुशील कुमार मोदी कैंसर से पीड़ित होने के कारण पिछले कुछ समय से राजनीति से दूर थे।
सुशील कुमार मोदी बिहार बीजेपी के बड़े चेहरों में से एक थे। वे राज्य के डिप्टी सीएम के अलावा राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं। तीन दशक के सार्वजनिक जीवन में राज्यसभा, लोकसभा, विधान परिषद और विधानसभा सहित सभी चार सदनों के सदस्य रह चुके थे।
सुशील कुमार मोदी के निधन पर बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल साइट एक्स (X) पर कहा कि बिहार में संगठन को मजबूती प्रदान करने वाले भाजपा के कर्मठ नेता व पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुशील मोदी जी के निधन का समाचार सुनकर स्तब्ध हूँ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं परिजनों और प्रशंसकों को संबल प्रदान करें।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि हमारे परिवार के वरिष्ठ सदस्य सुशील मोदी जी का निधन हो गया है। यह हम सभी के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। बिहार भाजपा और बिहार को आगे बढ़ाने में उनके योगदान को भाजपा और बिहार कभी नहीं भूलेगा। इस कठिन समय में उनके परिवारऔर उनको चाहने वालों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएँ।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री, पूर्व राज्य सभा सांसद एवं वरिष्ठ राजनेता श्री सुशील मोदी जी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है। उनका संपूर्ण जीवन बिहार के विकास तथा पिछड़ों व वंचितों के कल्याण के लिए समर्पित रहा, उनका निधन भाजपा संगठन व राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
Discover more from निष्पक्ष उजाला | Nishpaksh Ujala
Subscribe to get the latest posts sent to your email.